Political

रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों को लेकर बढ़ा विवाद, संजय राउत के बयान के बाद कई नेताओं और संगठनों ने जताई आपत्ति

रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों को लेकर बढ़ा विवाद, संजय राउत के बयान के बाद कई नेताओं और संगठनों ने जताई आपत्ति

मुंबई: मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के अवसर पर छठपूजा के गीत बजाए जाने का मामला अब राजनीतिक और सांस्कृतिक विवाद का रूप लेता दिखाई दे रहा है।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत द्वारा इस पर सवाल उठाए जाने के बाद महाराष्ट्र में कई नेताओं और संगठनों की ओर से भी विरोध और आपत्तियां सामने आने लगी हैं।

इस मुद्दे ने एक बार फिर मुंबई में मराठी अस्मिता, उत्तर भारतीयों की सांस्कृतिक पहचान और सार्वजनिक स्थानों के इस्तेमाल को लेकर बहस छेड़ दी है।

संजय राउत ने अपने बयान में कहा था कि रेलवे प्लेटफॉर्म यात्रियों की सुविधा और आवश्यक घोषणाओं के लिए होते हैं, छठ पूजा के गाने बजाने के लिए नहीं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया।

रेलवे प्लेटफॉर्म घोषणाओं के लिए हैं, छठ पूजा के गाने बजाने के लिए नहीं – संजय राउत

किशोरी पेडणेकर ने रेलवे प्रशासन पर उठाए सवाल

मुंबई की पूर्व महापौर और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नेता किशोरी पेडणेकर ने भी रेलवे स्टेशनों पर छठपूजा के गीत बजाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर रेलवे स्टेशनों पर छठपूजा के गाने बजाने की अनुमति किसने दी है? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रेल मंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि रेलवे स्टेशनों पर छठपूजा के गीत बजाए जा सकते हैं तो महाराष्ट्र के गीतों को भी स्थान मिलना चाहिए।

वडाला स्टेशन पर शिकायत, स्टेशन मास्टर से मिला प्रतिनिधिमंडल

वडाला रेलवे स्टेशन पर छठपूजा के गीत बजाए जाने को लेकर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नगरसेविका माधुरी मांजरेकर ने स्टेशन मास्टर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि रेलवे स्टेशन यात्रियों की सुविधा के लिए हैं और वहां तेज आवाज में गाने बजने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से इस व्यवस्था को बंद करने की मांग भी की।

जरूरतमंदों के बीच एसएम खान ने बांटी दीपावली की खुशियां, मिष्ठान वितरित कर दिया दीपावली का शुभकामना संदेश

मनसे ने एकबार फिर आयोजन पर ही जताया विरोध

इस मुद्दे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की ओर से छठ पूजा के आयोजन पर ही आपत्तियां सामने आई हैं। छठ पूजा के आयोजन और उसके नाम पर सार्वजनिक स्थानों के इस्तेमाल को लेकर मनसे नेताओं ने सवाल उठाए हैं। बदलापुर में छठ पूजा के आयोजन को लेकर मनसे के विरोध की खबरें भी सामने आई हैं।

इसके अलावा स्वायत्त महाराष्ट्र संघर्ष समिति ने भी रेलवे स्टेशनों पर छठपूजा के गीत बजाए जाने पर आपत्ति जताई है। इस तरह मामला केवल एक राजनीतिक बयान तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाओं के कारण इसका दायरा बढ़ता जा रहा है।

रेलवे बोर्ड के निर्देशों का भी आया जिक्र

इस पूरे विवाद में रेलवे प्रशासन की भूमिका भी चर्चा में है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रेलवे अधिकारियों ने बताया कि छठ पूजा तक छठपूजा के गीत बजाने के निर्देश रेलवे बोर्ड की ओर से मिले हैं। वडाला स्टेशन पर भी अधिकारियों ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नगरसेविका माधुरी मांजरेकर को इसी तरह की जानकारी दी है।

हालांकि, इन निर्देशों का उद्देश्य और उनके तहत घोषणाओं तथा गीतों के प्रसारण की व्यवस्था को लेकर रेलवे की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।

महाराष्ट्र: भाषाई मर्दानगी सिर्फ हिंदी भाषियों पर क्यों?

सांस्कृतिक पहचान बनाम सार्वजनिक सुविधा की बहस

मुंबई में उत्तर भारतीयों की बड़ी आबादी रहती है और छठ पूजा यहां बड़े पैमाने पर मनाई जाती है। ऐसे में छठ गीतों को लेकर उठे विवाद ने एक संवेदनशील सवाल खड़ा कर दिया है।

एक तरफ छठ पर्व से जुड़े लोगों के लिए भोजपुरी गीत उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़े हैं, तो दूसरी तरफ विरोध करने वाले नेताओं और संगठनों का तर्क सार्वजनिक परिवहन स्थलों पर यात्रियों की सुविधा और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है।

फिलहाल इस मामले में अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की आपत्तियों के बीच रेलवे प्रशासन की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि रेलवे इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है और क्या मुंबई के स्टेशनों पर छठ गीतों का प्रसारण जारी रहेगा या इसमें कोई बदलाव किया जाएगा।