Latest

छठ गीतों के समर्थन में उतरे महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार

छठ गीतों के समर्थन में उतरे महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार

मनसे को दिया जवाब; पटना के राजभवन का उदाहरण देकर पूछा- सांस्कृतिक आयोजनों पर आपत्ति क्यों?

मुंबई: मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के अवसर पर छठपूजा के गीत बजाए जाने को लेकर जारी विवाद के बीच महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री और भाजपा नेता आशीष शेलार ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने छठ पूजा के अवसर पर छठपूजा के गीतों के प्रसारण का समर्थन करते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के विरोध पर सवाल उठाए हैं। शेलार ने इस बारे में पटना के राजभवन में आयोजित महाराष्ट्र दिवस समारोह और मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए मराठी फूड फेस्टिवल का भी उदाहरण दिया है।

रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों को लेकर बढ़ा विवाद, संजय राउत के बयान के बाद कई नेताओं और संगठनों ने जताई आपत्ति

आशीष शेलार के अनुसार भारत में अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, भाषा और परंपराओं का सम्मान होना चाहिए। एक राज्य के धार्मिक त्योहार कार्यक्रम दूसरे राज्य में आयोजित किए जाने में कोई असामान्य बात नहीं है।

उन्होंने मनसे की आपत्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के विभिन्न राजभवनों में महाराष्ट्र दिवस मनाया जाता है। वह स्वयं पटना के राजभवन में आयोजित महाराष्ट्र दिवस समारोह में शामिल हो चुके हैं। ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक आदान-प्रदान के रूप में देखा जाना चाहिए।

शेलार ने यह भी कहा कि रेलवे स्टेशनों पर मराठी गीत भी बजाए जाते हैं और आगे भी बजते रहेंगे। यदि महाराष्ट्र के गीत दूसरे राज्यों में सुनाए जा सकते हैं तो मुंबई में छठ पूजा के अवसर पर भोजपुरी गीत बजाए जाने पर इतना विवाद क्यों होना चाहिए? उनके इस बयान को मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीय समुदाय की सांस्कृतिक परंपराओं के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।

रेलवे प्लेटफॉर्म घोषणाओं के लिए हैं, छठ पूजा के गाने बजाने के लिए नहीं – संजय राउत

अपने तर्क को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने इंदौर में आयोजित मराठी फूड फेस्टिवल का भी उल्लेख किया। शेलार के मुताबिक, वह खुद इस आयोजन में शामिल हुए थे।

देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न राज्यों के खानपान, भाषा और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं को समझने और करीब आने का अवसर मिलता है।

दरअसल, मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा तक भोजपुरी गीत बजाए जाने की व्यवस्था को लेकर विवाद उस समय शुरू हुआ जब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के नेता संजय राउत ने इस पर आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा था कि रेलवे प्लेटफॉर्म यात्रियों की सुविधा और आवश्यक घोषणाओं के लिए होते हैं, छठ पूजा के गाने बजाने के लिए नहीं। इसके बाद उद्धव ठाकरे गुट की नेता और मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने भी रेलवे प्रशासन से सवाल किए।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से भी इस मुद्दे पर विरोध जताया गया। मनसे नेताओं का तर्क है कि महाराष्ट्र में मराठी भाषा और संस्कृति को उचित सम्मान मिलना चाहिए। वहीं, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के सांसद नरेश म्हस्के सहित भाजपा के नेताओं ने छठ पूजा के गीतों के प्रसारण का समर्थन किया है।

डोंबिवली पूर्व के गोलवली में भव्य स्तर पर होगी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा, म्हसोबा देवस्थान तलाव पर तैयारियां अंतिम चरण में

इस बीच मध्य रेलवे ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि छठ पूजा के अवसर पर विशेष ट्रेनों के संचालन और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ प्रमुख स्टेशनों पर छठपूजा के गीत बजाए गए थे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गीतों का प्रसारण नियमित यात्री घोषणाओं के लिए आवश्यक समय के अतिरिक्त किया गया था, ताकि यात्रियों को मिलने वाली जरूरी सूचनाएं प्रभावित न हों।

हालांकि, विरोध और आंदोलन की चेतावनियों के बीच कुछ स्टेशनों पर भोजपुरी गीतों का प्रसारण बंद किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं।

मुंबई में छठ पूजा बड़े पैमाने पर मनाई जाती है और इस पर्व से उत्तर भारतीय समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाएं जुड़ी हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीतों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब केवल संगीत बजाने या नहीं बजाने तक सीमित नहीं रह गया है।

एक ओर मराठी संस्कृति के सम्मान की बात उठाई जा रही है, तो दूसरी ओर मुंबई में रहने वाले विभिन्न राज्यों के लोगों को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के साथ त्योहार मनाने का अधिकार दिए जाने की मांग सामने आ रही है।

आशीष शेलार ने पटना और इंदौर के उदाहरण देकर इस बहस को सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नजरिए से देखने की बात कही है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले में आगे क्या निर्णय लेता है और महाराष्ट्र की राजनीति में यह विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।