FEATURED

कडोमपा की लापरवाही: कल्याण का मुख्य श्मशान घाट बना कचरे का ढेर, जनता में आक्रोश

कल्याण (पश्चिम): कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका (कडोमपा) के अंतर्गत आने वाले कल्याण पश्चिम, मुरबाड रोड (रोशन पेट्रोल पंप के पास) स्थित मुख्य हिंदू श्मशान भूमि इन दिनों प्रशासन की घोर लापरवाही और अकुशलता का शिकार है। अंतिम विदाई के इस पवित्र स्थल पर चारों तरफ कचरे के ढेर लगे हुए हैं और गंदगी ने अपना साम्राज्य स्थापित कर लिया है, जिससे यहाँ आने वाले नागरिकों को भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कल्याण-शील रोड के गांवों को ‘नरक’ से मुक्ति: डांस बारों पर राज्य सरकार के कड़े फैसले से स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह

कागजों पर सफाई, जमीन पर सिर्फ गंदगी

मिली जानकारी के अनुसार, कल्याण मनपा ने इस श्मशान भूमि की साफ-सफाई और रखरखाव का जिम्मा कागजों पर एक निजी ठेकेदार को सौंप रखा है। इसके बावजूद जमीन पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। ठेकेदार इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है और मनपा के अधिकारी इस पर आँखें मूंदे बैठे हैं।

लाखों की चिमनी पड़ी है बेकार

इस गंभीर मुद्दे पर प्रकाश डालते हुए क्षेत्र के पूर्व नगरसेवक विद्याधर भोईर ने बताया कि:

“काफी समय पहले शवदाह के दौरान निकलने वाले धुएं के उचित निष्कासन और श्मशान भूमि को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए एक आधुनिक चिमनी लगाई गई थी। दुर्भाग्यवश, प्रशासन की उदासीनता के कारण वह चिमनी आज तक चालू ही नहीं हो सकी। अब तो हालत यह है कि उस चिमनी के चारों ओर भी कचरे की मोटी चादर बिछ चुकी है।”

उन्होंने चेतावनी दी है कि इस अव्यवस्था को लेकर आम जनता में भारी आक्रोश पनप रहा है, जो किसी भी समय एक उग्र आंदोलन का रूप ले सकता है।

अग्रवाल समाज कल्याण द्वारा 29वें ठंडे पानी के प्याऊ का शुभारंभ 27 जून को, 

सामाजिक संस्थाओं ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

इस दुर्दशा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अग्रवाल समाज कल्याण के अध्यक्ष अनिल कुमार गर्ग ने कडोमपा के आला अधिकारियों से मांग की है कि प्रशासन इस संवेदनशील विषय को गंभीरता से ले और श्मशान भूमि को जल्द से जल्द गंदगी से मुक्त कराकर इसकी गरिमा बहाल करे।

श्मशान भूमि जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह का आलम मनपा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि कुंभकर्णी नींद में सोया प्रशासन जनता के इस आक्रोश के बाद जागता है या नहीं।