शाहापुर में स्वतंत्रता दिवस पर हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन की अनूठी पहल, 27 स्कूली बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री
अनिल कुमार गर्ग
शाहापुर (ठाणे): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहाँ पूरा देश जश्न-ए-आजादी मना रहा था, वहीं हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन ने समाज सेवा और शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी फाउंडेशन के “शिक्षा प्रोत्साहन” अभियान के तहत तालुका शाहापुर के जिला परिषद विद्यालय, काजलविहिर में एक विशेष शैक्षणिक सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन के प्रवक्ता रमाकांत अग्रवाल के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह के बीच कक्षा पहली से चौथी तक के 27 जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल बैग और संपूर्ण स्टेशनरी किट वितरित की गई। इस किट में वहियाँ (कॉपी), चित्रकला पुस्तिका, मोम रंग, स्केच पेन, पेंसिल, रबर, शार्पनर, स्केल, ज्यामिति पेटी और ‘बाल मित्र’ पुस्तकें शामिल थीं।

बच्चों की सेहत और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए फाउंडेशन की ओर से विद्यालय को एक स्टील का वॉटर फ़िल्टर भी भेंट किया गया, ताकि विद्यार्थियों को पीने का स्वच्छ पानी मिल सके। समारोह के अंत में सभी बच्चों और ग्रामीणों के बीच चॉकलेट व अल्पाहार का वितरण किया गया। इस दौरान फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और संसाधन ही समाज के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

