RPF के PSI को जिंदा जलाने की कोशिश
*RPF के PSI को जिंदा जलाने की कोशिश: मैहर में अवैध रूप से रेलवे स्टेशन पर आने से रोका तो ऑटो ड्राइवर व बदमाशों ने किया हमला*
मैहर में आरपीएफ के एक सब इंस्पेक्टर को जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। मैहर आरपीएफ पोस्ट में पदस्थ सब इंस्पेक्टर (एसआई) अविनाश कुमार पर रविवार को चार लोगों ने हमला कर दिया। घटना मैहर स्थित सत्कार लॉज के पास की है।
आरपीएफ ने मैहर रेलवे स्टेशन में ऑटो चालकों के घुसने पर पाबंदी लगा रखी है। इसके कारण ऑटो चालक खुन्नस रखते हैं। हमलावरों में कई ऑटो चालकों के रिश्तेदार भी शामिल हैं।
उनका साथ देने वाले कुछ लोग मैहर के पुराने अपराधी भी हैं। सब इंस्पेक्टर अविनाश सुबह उधर से निकले तो घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने बोतलें से पेट्रोल छिड़ककर उन्हें जलाने का प्रयास किया। इससे पहले कि वे कोई हरकत कर पाते सब इंस्पेक्टर उनके चंगुल से निकल भागने में कामयाब हो गए।
बताया जाता है कि आरोपी इस घटना का वीडियो भी बना रहे थे। सब इंस्पेक्टर ने घटना की सूचना आरपीएफ पोस्ट मैहर को दी है।
उधर मैहर थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई है। मैहर आरपीएफ घटना के सीसीटीवी फुटेज भी तलाश रही है।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी आदित्य निगम ने बताया कि ऑटो चालकों ने सब इंस्पेक्टर के साथ अभद्रता की है। जिस वक्त यह घटना हुई उस समय सब इंस्पेक्टर अविनाश देवी दर्शन करने आए अपने कुछ रिश्तेदारों को लॉज में पहुंचा कर निकल रहे थे।
घटना में राहुल चौधरी, आकाश पटेल समेत उनके कई अन्य साथी शामिल थे। इनके खिलाफ मैहर स्टेशन के अंदर यात्रियों के साथ छीना झपटी, अभद्रता करने के मामले दर्ज हैं।
मैहर पुलिस ने राहुल चौधरी और आकाश पटेल समेत 4 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 341, 506, 294 एवं 34 के तहत केस दर्ज किया है।

