रायता विभाग हाईस्कूल में अग्रवाल समाज कल्याण के 30वें ठंडे पानी के प्याऊ का हुआ शुभारंभ, सेंट्रल अस्पताल में भी लगेंगी दो मशीनें
उल्लासनगर: जनसेवा और सामाजिक कार्यों में अग्रणी संस्था ‘अग्रवाल समाज कल्याण’ द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में एक और सराहनीय कदम उठाया गया है। संस्था ने रायता विभाग हाईस्कूल में अपने 30वें ठंडे पानी के प्याऊ का भव्य शुभारंभ किया। इस जनहितकारी प्याऊ का निर्माण श्रीमती एवं श्री मुकेश जिंदल के विशेष सहयोग से कराया गया है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के अध्यक्ष अनिल कुमार गर्ग ने बताया कि अग्रवाल समाज कल्याण का उद्देश्य आमजन और जरूरतमंदों की सेवा करना है। स्कूलों के अलावा संस्था द्वारा विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए ठंडे और स्वच्छ पेयजल के प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं।
वहीं, समाज के कार्याध्यक्ष अनिल बंसल ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही उल्लासनगर स्थित सेंट्रल अस्पताल में भी मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए दो बड़ी ठंडे पानी की मशीनें लगाई जाएंगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी निरंतर योगदान
संस्था के उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि समाज केवल पेयजल व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकार के अन्य क्षेत्रों में भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। संस्था द्वारा जरूरतमंद बच्चों को स्कूल की फीस, यूनिफॉर्म और पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय यात्रियों की मदद के लिए व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की नि:शुल्क व्यवस्था भी की गई है।
अग्रवाल समाज कल्याण द्वारा 5 अगस्त को 30वें शीतल जल प्याऊ का होगा भव्य शुभारंभ
गणमान्य जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन स्कूल की अध्यापिका नयन शरद धोड़के ने किया। इस अवसर पर रायता गांव की सरपंच समिता संतोष सुरोशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में समाज के प्रवक्ता वी. पी. मित्तल ने सभी उपस्थित अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से स्कूल के मुख्याध्यापक एच. एम. बावस्कर, तुलसीराम बंसल, कुशल अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, आत्माराम डिडवानिया, आर. के. आर्य और दीपक राजपूत के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके विशेष सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

