फिल्म ठाकरे की दिल्ली में स्पेशल स्क्रीनिंग, पीएम मोदी को मिला न्योता
बाला साहेब ठाकरे के जीवन पर बनी फिल्म ‘ठाकरे’ की दिल्ली में 25 जनवरी को स्पेशल स्क्रीनिंग होने जा रही है. इसके लिए शिवसेना की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को न्योता भेजा गया है. वहीं कहा जा रहा है कि शिवसेना कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी इस आयोजन में आमंत्रित कर सकती है. अनुसार इस फिल्म का पहला शो सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगा. कहा जा रहा है कि शिवसेना समर्थकों की वजह से इसे जल्द रिलीज किया जा रहा है. फिल्म को 13,000 स्क्रीन पर एक साथ रिलीज किया जा रहा है. फिल्म के बजट की बात करें तो इसका बजट लगभग 30 करोड़ है.
गौरतलब है कि हाल ही में 25 जनवरी को ‘ठाकरे’ फिल्म की रिलीज को लेकर फिल्म स्टार कंगना ने शिवसेना की अपील ठुकरा दी थी. कंगना ने इस दिन रिलीज हो रही अपनी फिल्म मणिकर्णिका तारीख आगे बढ़ाने से मना कर दिया था. कंगना रनौत 25 जनवरी को ही अपनी फिल्म ‘मणिकर्णिका’ को रिलीज करेंगी. शिवसेना ने बालीवुड से उस दिन कोई और फिल्म रिलीज न करने की अपील की थी. इसी दिन इमरान हाशमी भी अपनी फिल्म ‘चीट इंडिया’ रिलीज करने वाले थे. लेकिन उन्होंने शिवसेना की अपील पर अपनी फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी. जबकि कंगना ने झांसी की रानी पर बनी फिल्म ‘मणिकर्णिका’ की रिलीज डेट 25 जनवरी से आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया.
‘ठाकरे’ फिल्म में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, दिवंगत बाला साहेब ठाकरे की भूमिका अदा कर रहे हैं. वहीं बाला साहेब ठाकरे की पत्नी मीना ठाकरे का किरदान अभिनेत्री अमृता राव ने अदा किया है. इससे पहले अमृता की आखिरी फिल्म 2013 में ‘सत्याग्रह’ थी और उन्होंने तीन साल बाद छोटे पर्दें के लिए म्यूजिकल ड्रामा ‘मेरी आवाज ही पहचान है’ में काम किया था. वहीं अभिनेता नवाजुद्दीन ने कहा कि उन्हें लगता है कि वह खुशकिस्मत हैं कि उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने को मिल रहे हैं. अभिनेता ने बाला साहेब से पहले उर्दू लेखक सआदत हसन मंटो का किरदार भी बड़े पर्दे पर निभाया था.

