स्वास्थ्य व्यवस्था और प्राइवेट अस्पतालों के चक्रव्यूह पर भड़के खेसारी लाल यादव, ‘Gen Z’ संग आवाज उठाने की अपील
भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज कलाकार और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता खेसारी लाल यादव ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था, प्राइवेट अस्पतालों और इंश्योरेंस कंपनियों के नेक्सस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए आम जनता से अपील की है कि वे युवाओं और ‘Gen Z’ के साथ मिलकर स्वास्थ्य प्रणाली में सुधार के लिए एक जुट होकर आवाज उठाएं।
खेसारी लाल यादव ने देश के मध्यम और गरीब वर्ग की लाचारी को उजागर करते हुए कहा कि आज के समय में बिना हेल्थ इंश्योरेंस के प्राइवेट अस्पताल में कदम रखना आम आदमी के बस से बाहर हो चुका है। वहीं दूसरी ओर, छोटे शहरों के सरकारी अस्पतालों की बदहाली किसी से छिपी नहीं है।
‘हर घर की यही कहानी’
अपने संदेश में भावुक होते हुए खेसारी लाल ने लिखा कि परिवार के किसी एक सदस्य की गंभीर बीमारी पूरे परिवार को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तोड़ देती है। प्राइवेट हॉस्पिटल, इंश्योरेंस कंपनियों और दवा कंपनियों का गठजोड़ (नेक्सस) आम इंसान को एक ऐसे चक्रव्यूह में धकेलता है, जिससे निकलना नामुमकिन हो जाता है और इसकी मार से परिवार जिंदगी भर उबर नहीं पाता।
उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा, “शायद यह बात आपको तब तक समझ नहीं आएगी जब तक आपके किसी नजदीकी के साथ ऐसा न हुआ हो, लेकिन मानिए, यह कहानी आज हर घर की बन चुकी है।”
Gen Z के आंदोलनों से प्रेरणा लेने का आह्वान
खेसारी लाल ने देश की युवा पीढ़ी (Gen Z) के हालिया आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं ने शिक्षा और अन्य मुद्दों पर जिस तरह अपनी आवाज बुलंद की है, उसका सकारात्मक असर पूरे समाज ने महसूस किया है। अब वक्त आ गया है कि पूरा देश Gen Z के साथ खड़ा होकर बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ भी वैसी ही मजबूत आवाज उठाए।
अभिनेता ने यह भी स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे पर पहले भी बोलते रहे हैं और आगे भी जनता की इस लड़ाई में उनका पूरा समर्थन रहेगा।

