घर में पेंटिंग करने आए पेंटर से छात्रा को हुआ प्यार, शारीरिक संबंध बनाकर शादी से इनकार; अब दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में घर की पेंटिंग और डिजाइन बनाने के लिए गए एक पेंटर को छात्रा से प्यार हो गया। दोनों के बीच 8 माह तक अफेयर चलता रहा। इस दौरान पेंटर शादी का झांसा देकर छात्रा से संबंध बनाता रहा।
जब छात्रा ने शादी के लिए दबाव बनाया तो पेंटर ने इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा थाने पहुंची और FIR दर्ज करा दी। पुलिस ने पेंटर को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।मामला बेरला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बांसा गांव निवासी लोकेश यादव (22) घरों की दीवारों पर पेंटिंग और डिजाइन बनाने का काम करता है। वह और आसपास के गांवों में जाकर यह काम किया करता था।
इसी दौरान छात्रा के घर भी गया था। छात्रा और लोकेश ने बातों-बातों में एक-दूसरे को अपना नंबर दे दिया। इसके बाद दोनों के बीच अक्सर बातें होने लगीं। मौका मिलने पर दोनों मिलने भी लगे। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं तो दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बनने लगे।
छात्रा का आरोप है कि लोकेश शादी का झांसा देकर 8 महीने से उससे दुष्कर्म कर रहा था। वह जब भी शादी की बात करती तो टाल जाता। फिर उसने शादी से ही इनकार कर दिया।
नाराज छात्रा ने अपने संबंध के बारे में माता पिता को जानकारी दी। बेरला थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र भट्ट ने बताया कि छात्रा ग्रेजुएशन कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
