Social

अग्रवाल समाज कल्याण द्वारा बदलापुर के कृष्णाराव वृद्धाश्रम और गौशाला में राहत सामग्री का सफल वितरण; बुजुर्गों के चेहरे खिले

“सेवा ही धर्म है, सहयोग ही परम पुण्य है” के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए ‘अग्रवाल समाज कल्याण (पंजी.)’ द्वारा अधिक मास के पावन अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आज, 30 मई (शनिवार) को प्रातः 11 बजे बदलापुर (पूर्व) स्थित कृष्णाराव वृद्धाश्रम एवं गौशाला पहुंचकर सेवा और जीव दया की एक अनुपम मिसाल पेश की।

बुजुर्गों को बांटी खाद्य सामग्री और कपड़े, गोवंश के लिए चारे की व्यवस्था

​विगत दिनों संस्था के पदाधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद आज योजनाबद्ध तरीके से राहत सामग्री का वितरण किया गया:

वृद्धाश्रम में सेवा: आश्रम में रह रहे लगभग 60 जरूरतमंद वृद्धजनों के बीच संस्था द्वारा नए कपड़े, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई। समाज के सदस्यों को अपने बीच पाकर और सम्मान पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे।

अग्रवाल समाज कल्याण की अनूठी पहल: 30 मई को वृद्धाश्रम के बुजुर्गों और गौशाला की गौमाताओं को दी जाएगी बड़ी सहायता

गौशाला में जीव दया: आश्रम परिसर में स्थित गौशाला की करीब 40 गायों के लिए संस्था की ओर से बड़े पैमाने पर हरे चारे और भरण-पोषण की अन्य सामग्रियों की व्यवस्था की गई।

समाज के प्रबुद्ध जनों की रही अनुकरणीय उपस्थिति

​अग्रवाल समाज कल्याण के अध्यक्ष अनिल कुमार गर्ग के अनुसार यह कार्यक्रम मीनाताई ठाकरे उद्यान के पास, कर्जत रोड (बदलापुर पूर्व) स्थित परिसर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के तमाम गणमान्य व्यक्तियों, मातृशक्ति (महिलाओं) और क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

​अग्रवाल समाज के अध्यक्ष अनिल गर्ग ने संस्था के उन वरिष्ठ पदाधिकारियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस पुनीत कार्य में समय पर उपस्थित होकर हर संभव सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों की सेवा और गोवंश की रक्षा में यथाशक्ति सहयोग करना है, जो कि हमारा प्रमुख कर्तव्य है; और संस्था आगे भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखेगी।

इन्होंने जताया आभार और कार्यक्रम को बनाया सफल

​कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों और सहयोगियों का आभार समाज के सचिव नितिन अग्रवाल ने व्यक्त किया। इस पूरे आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में रजनीश अग्रवाल, अनिल बंसल, तुलसी राम बंसल, रमाकांत अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, रामप्रकाश चौधरी, वी पी मित्तल, आत्माराम डिडवानिया और राजीव गुप्ता का सहयोग सराहनीय व अनुकरणीय रहा।