FEATURED

चुनाव से पहले उ.प. जिले की कार्यकारिणी का होगा गठन

शीतला प्रसाद सरोज
मुंबई। भाजपा, उत्तर-पश्चिम जिला के नवनियुक्त अध्यक्ष संतोष मेढेकर ने कहा कि जिले की कार्यकारिणी का गठन राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले कर लिया जाएगा। इसके बाद मंडल कार्यकारिणी का गठन और उसके पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।

 नवनियुक्त अध्यक्ष संतोष मेढेकर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करते हुए भाजयुमो, अंधेरी मण्डल के पूर्व महामंत्री मनोज तिवारी। साथ में हैं गुलाबघर चौबे,मायाशंकर पाठक, वरिष्ठ पत्रकार लिंगायत व स्वामी उपाध्याय।

जोगेश्वरी (पू.) स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की हुई बैठक में संतोष मेढेकर ने कहा कि राज्य में होने वाले विधानसभा के चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व काफी गंभीर है। चुनाव से पहले उत्तर-पश्चिम जिले की कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। इसके बाद मंडलों की कार्यकारिणी का गठन कर उसके पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले व मण्डल की कार्यकारिणी में उन्हीं लोगों को स्थान दिया जाएगा, जो पार्टी के प्रति वफादार व सक्रिय होंगे। विवादित व निष्क्रिय लोगों को कार्यकारिणी में स्थान नहीं मिलेगा।

मेढेकर ने कहा कि जिला व मण्डलों की कार्यकारिणी का गठन होने के बाद पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिले की जोगेश्वरी, दिंडोशी, वर्सोवा, गोरेगांव, अंधेरी पूर्व और अंधेरी पश्चिम विधानसभा के चुनाव की तैयारी में जुट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *