FEATUREDSocial

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक “शोध शक्ति” का 5वां वर्धापन दिन संपन्न

कल्याण. कल्याण (पूर्व) स्थित साकेत ज्ञानपीठ संचालित साकेत काॅलेज के भव्य हाॅल में 12 जनवरी शनिवार को साकेत ज्ञानपीठ के अध्यक्ष विनोद आर. तिवारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक शोध शक्ति का पांचवां वर्धापन दिन संपन्न हुआ. समारोह के मुख्य अतिथि ‘नवभारत टाइम्स’ के पाॅलिटिकल एडिटर अभिमन्यु शितोले ने वर्तमान पत्रकारिता की दशा और दिशा पर चर्चा की.

अपने वक्तव्य में वरिष्ठ पत्रकार अभिमन्यु शितोले ने कहा कि स्थानीय एवं साप्ताहिक अखबार को कभी भी छोटा अखबार नहीं समझना चाहिए. सही मायने में ऐसे अखबार ही जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं. ऐेसे ही अखबारों में छोटी बड़ी स्थानीय खबरें बिना रोक-टोक या दबाव तंत्र के छापने की ताकत रखते हैं. बड़े अखबारों में बड़ी समस्याएं होती हैं. उसमें दबाव तंत्र बना रहता है. साप्ताहिक व स्थानीय समाचार पत्रों को बढ़ावा मिलना चाहिए. ऐसेअखबारों को आर्थिक सहयोग देना भी समाज का दायित्व बनता है.

साहित्यकार राधाकृष्ण चतुर्वेदी ‘अबोध’ ने पत्रकारिता और उसकी गिरती हुई भाषा पर चिंता जताई. युवा पत्रकार, साहित्यकार पवन तिवारी ने समग्रता में अपनी बात रखी. ‘शोध शक्ति’ के प्रधान संपादक श्यामधर पांडेय ने विषय प्रवर्तन किया. विशेष अतिथियों में संत हृदय (धर्मानिष्ठ) राजेंद्र प्रसाद पांडेय, उद्योगपति जगदीश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी महेश तरडे, समाजसेवी देवी प्रसाद पांडेय, हिंदी भाषी जनता परिषद के अध्यक्ष विश्वनाथ (नन्हें) दूबे, पूर्व नगरसेवक एवं उद्योगपति नवीन सिंह, आदर्श शिक्षण मंडल के सहसचिव एवं आइडियल काॅलेज ऑफ़ फार्मेसी के संचालक विजय उपाध्याय, राॅयल इंटरप्राइजेस के संचालक अजय तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी विजय सरयूप्रसाद मिश्रा, श्रीमती सुशीला देवी शिक्षण संस्था के अध्यक्ष भोलानाथ मिश्रा, एल. डी. सोनावणे काॅलेज के ट्रस्टी एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्रीचंद केसवानी, ‘नवभारत टाइम्स’ के सेवानिवृत्त वरिष्ठ पत्रकार राजमणि ति्रपाठी, उप संपादक नवीन पांडेय आदि उपस्थित थे.

साकेत ज्ञानपीठ के अध्यक्ष विनोद आर. तिवारी ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पत्रकारों एवं साहित्यकारों के लिए हमारा दरवाजा हमेशा खुला है. समय-समय पर इस तरह की परिचर्चाओं का आयोजन होना चाहिए. इसके लिए हम तन-मन-धन से तैयार हैं. इस अवसर पर पवन तिवारी के उपन्यास ‘अठन्नी वाले बाबूजी’ पर साहित्य अकादमी की ओर से ‘जैनेंद्र पुरस्कार’ की प्राप्ति पर विशेष सम्मान का आयोजन किया गया.

इस मौके पर सौमेया काॅलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक आर. आर. त्रिपाठी, एस. पी. मिश्रा, श्रीकांत उपाध्याय तथा पत्रकारों में महेश द्विवेदी, अशोक वर्मा, अरविंद मिश्रा, सुजीत श्रीवास्तव तथा जी वार्ता के संपादक कलीम शेख भी उपस्थित थे. आचार्य वागीशदेव पांडेय द्वारा मंत्रोच्चार के साथ मुख्य अतिथि अभिमन्यु शितोले ने दीप प्रज्ज्वलन किया. कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार जयप्रकाश (मिलिंद) मिश्र ने किया. विशेष सहयोगियों में निर्भय तिवारी, जीतेश सिंह, विपिन कुमार द्विवेदी, योगेश श्यामधर पांडेय एवं दयाशंकर पांडेय प्रमुख रहे. ‘शोध शक्ति’ के प्रधान संपादक श्यामधर पांडेय ने आभार प्रकट किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *