कांग्रेस-एनसीपी के विलय की खबरों के बीच राहुल गांधी से मिलने पहुंचे शरद पवार
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बुधवार को एनसीपी चीफ शरद पवार ने मुलाकात की. इस मुलाकात से पहले कांग्रेस और एनसीपी के विलय की खबरें आई थीं. हालांकि, ये साफ नहीं है कि मुलाकात विलय को लेकर है या फिर औपचारिक रूप से. इससे पहले राहुल से मिलने कर्नाटक के सीएम एचडी कुमारस्वामी पहुंचे थे.
दिल्ली के सियासी गलियारों में चर्चा है कि अब एनसीपी का कांग्रेस में विलय हो जाना चाहिए. इस विलय का सुझाव देने वाले नेता दोनों दलों में हैं लेकिन आलाकमान का रुख साफ हुए बिना खुलकर बोलने से बच रहे हैं. पार्टी के नेताओं ने अंदरखाने प्रस्ताव भी तैयार किया है, जिसके तहत विलय होने पर एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार को राज्यसभा में विपक्ष के नेता का पद दे दिया जाए.
विलय से कांग्रेस को मिल जाएगा विपक्ष के नेता का पद
लोकसभा में एनसीपी के 5 सांसदों के विलय से कांग्रेस सदस्यों की संख्या भी बढ़कर 57 हो जाएगी और उसको विपक्ष के नेता का पद भी मिल जाएगा, जिस पर राहुल खुद काबिज होकर मोदी सरकार से मुकाबला कर सकते हैं.
Sources – ABI News
