दुल्हन को दुल्हे का ‘नागिन डांस’ पसंद नहीं आया, शादी से किया इनकार
बरेली. उत्तर भारतीय शादियों (North Indian Marriage) में बारात के दौरान ‘नागिन डांस’ (Nagin Dance) किसी रिवायत की तरह शामिल है. लेकिन अब यही विश्व प्रसिद्ध ‘नागिन डांस’ उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में शादियां होने से पहले ही टूटने की वजह बनता जा रहा है. लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Khiri) के मेलानी में शुक्रवार रात दूल्हे के ‘नागिन डांस’ (Nagin Dancer Groom) ने उसी के विवाह समारोह (Indian Marriage) को ‘डस’ लिया. इसके पहले 2017 में यूपी के ही शाहजहांपुर (Shajanapur) में भी एक दुल्हे के ‘नागिन डांस’ की वजह से उसकी शादी टूट चुकी है.
शराब में धुत दुल्हा बारात द्वार लगते ही अपने दोस्तों के साथ ‘नागिन डांस’ करने लगा. रिपोर्ट के मुताबिक वरमाला में हो रही देरी को देखते हुए दुल्हन के रिश्तेदारों ने उसे रोकने की कोशिश की तो दुल्हा उनसे बदतमीजी करने लगा. हालांकि बीच बचाव के बाद मुद्दे को सुलझा लिया गया. फिर वरमाला हुई.
हद तो तब हो गई जब दुल्हा वरमाला के बाद भी नहीं माना और एक बार फिर ‘नागिन डांस’ करने डांस फ्लोर पर कूद पड़ा. यह देख दुल्हन का धीरज जवाब दे गया और उसने ‘नागिन डांसर’ दुल्हे से शादी करने से साफ इनकार कर दिया. शादी से इनकार की बात सुनकर तमतमाए दुल्हे ने लड़की को सबके सामने तमाचा जड़ दिया.
हंगामा बढ़ने की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. दोनो ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ किसी भी तरह की शिकायत करने से इनकार कर दिया. इसके बाद ‘नागिन डांसर’ दुल्हे अपनी बारात लेकर वापस लौटना पड़ा.
2017 में भी ‘नागिन डांस’ तोड़ चुकी है शादी
यूपी में ‘नागिन डांस’ की वजह से दुल्हा का शादी से इनकार करने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले साल 2017 में शाहजहांपुर में भी एक दुल्हन को ‘नागिन डांसर’ दुल्हा प्रभावित नहीं कर पाया था. यहां भी दुल्हा शराब के नशे में ‘नागिन डांस’ करने पर आमादा था.
शाहजहांपुर के बिजलीपुरा मोहल्ले में द्वार पूजा की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा भी बारातियों के साथ बैंडबाजे पर नागिन डांस करने लगा. इस दौरान उसने डांस कर रहे जनातियों को थप्पड़ भी जड़ दिए. लड़खड़ाते कदमों से डांस करते देख दुल्हन को उसके शराबी होने का अहसास हो गया.
जब भांवरें पड़ने की बारी आई तो वधू ने अपने दादा से कह दिया कि वह शादी नहीं करेगी क्योंकि दूल्हा शराबी है. जब दूल्हे के पिता को बताया कि गया कि लड़की ने शराबी दूल्हे से शादी करने से इंकार कर दिया है तो बारातियों में खलबली मच गई. शादी की जिद करने पर वधू पक्ष के लोगों ने पुलिस बुला ली.

