Tiger Shroff Firing: दिल्ली-सोनीपत से 4 गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई के करीबी रंदीप मलिक पर नजर, सलमान खान थे पहला निशाना
Tiger Shroff Firing: दिल्ली-सोनीपत से 4 गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई के करीबी रंदीप मलिक पर नजर, सलमान खान थे पहला निशाना
मुंबई:
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुई फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियां लगातार बड़े खुलासे कर रही हैं। दिल्ली स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस के इनपुट पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों का पहला निशाना सलमान खान थे।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: मुंबई से कोटा तक का फिल्मी सफर और पुलिस का ‘डिजिटल जाल’, ऐसे धरे गए आरोपी
दिल्ली और सोनीपत से 4 और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान कुणाल, सुमित, राधा और बबिता के रूप में हुई है। इनमें से कुणाल और सुमित को सोनीपत से, जबकि राधा और बबिता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दबोचा गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले की जड़ें खंगालने में जुटी एजेंसियों को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
सलमान खान के घर की रेकी के बाद बदला था निशाना
मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों के हवाले से एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पूछताछ में पता चला है कि इस हमले के आरोपी मुंबई पहुंचने के बाद सबसे पहले अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के पास पहुंचे थे और वहां की रेकी की थी।
हालांकि, गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भारी पुलिस सुरक्षा और चौकसी देखकर हमलावरों ने वहां हमला करने की योजना रद्द कर दी। इसके बाद उन्होंने टाइगर श्रॉफ को अपना नया निशाना बनाया।
कैसे की रेकी: पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने सोशल मीडिया पोस्ट और फैन पेजों के जरिए यह पता लगाया था कि टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित एक फुटबॉल ग्राउंड में नियमित रूप से खेलने आते हैं।
कम सुरक्षा का अनुमान: हमलावरों को लगा कि टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा व्यवस्था सलमान खान की तुलना में कम कड़ी है, जिसके बाद उन्होंने अपना रुख बदल लिया।
हालांकि, इन दावों की अंतिम पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
लॉरेंस बिश्नोई के करीबी रंदीप मलिक पर जांच एजेंसियों की नजर
इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में अब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के अमेरिका में सक्रिय सहयोगी रंदीप मलिक की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। हालांकि सोशल मीडिया पर गैंगस्टर अनिल पंडित ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस किसी भी अन्य संभावित साजिश और नेटवर्क को नजरअंदाज नहीं कर रही है।
जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि रंदीप मलिक, लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई का बेहद करीबी माना जाता है। एजेंसियां इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही हैं कि टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश रचने और उसे अंजाम तक पहुंचाने में मलिक या उसके नेटवर्क का कितना हाथ था। इस मामले में जल्द ही उससे पूछताछ भी हो सकती है।

