सद्भावना मंच डोंबिवली की सराहनीय पहल: उल्हासनगर के आम्रपाली विद्यालय में जरूरतमंद बच्चों को बांटे गणवेश
सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सद्भावना मंच, डोंबिवली ने आज उल्हासनगर स्थित आम्रपाली विद्यालय के जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच गणवेश वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया।

मंच के पूर्व अध्यक्ष पी. डी. सराफ की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर नई यूनिफॉर्म पाकर खुशी साफ झलक रही थी।

बच्चों को गणवेश वितरित करते हुए पूर्व अध्यक्ष पी. डी. सराफ ने कहा कि शिक्षा ही सच्ची सेवा है और मंच भविष्य में भी बच्चों की हर जरूरत के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर शिक्षण सामग्री के अलावा अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मंच की अध्ययन समिति के संयोजक राजीव गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सद्भावना मंच का इस विद्यालय से पुराना नाता है। मंच पहले भी इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की जरूरतों को लेकर सजग रहा है। हाल ही में मंच द्वारा बच्चों को शिक्षण सामग्री और अन्य जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया गया था और यह सेवा आगे भी जारी रहेगी।

इस अवसर पर मंच के सहयोगी अनिल कुमार गर्ग, संजय बाजौरिया, सत्यनारायण जी राठी, सनी अरोरा, आर. के. आर्य तथा विद्यालय के मुख्य अध्यापक जितेन्द्र पाटील विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राजीव गुप्ता जी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी महानुभावों और विद्यालय परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। सद्भावना मंच का यह कदम समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और वंचित वर्ग के बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

