Political

UP प्रभारी बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे विनोद तावड़े, बोले – “2027 में भाजपा की हैट्रिक तय, कोई किंतु-परंतु नहीं”

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद आज पहली बार उनका उत्तर प्रदेश आगमन हुआ। लखनऊ पहुंचने पर प्रदेश के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया।

प्रदेश प्रभारी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पत्रकारों से बातचीत में किया बड़ा दावा

स्वागत समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनोद तावड़े ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा –

“विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के नेतृत्व में देश में चल रही सरकार के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी और उत्तर प्रदेश के लिए विकास पुरुष माने जाने वाले योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार पूरे बहुमत से सरकार स्थापित करेगी। इसमें कहीं कोई किंतु-परंतु की गुंजाइश नहीं है।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से उनका निरंतर संपर्क रहा है और उन्हें यहां की संगठनात्मक ताकत का पूरा आभास है। इसी संगठनात्मक ताकत के दम पर भाजपा अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से हैट्रिक बनाएगी।

समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला

मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए तावड़े ने कहा कि सपा PDA के एजेंडे पर काम कर रही है। सपा के PDA के नारे पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा –

“दिखावापन सपा के नेता कुछ भी करें, लेकिन उनके PDA के नारे की असलियत है – *’पराया धन अपना’*। जनता इस सच्चाई को जान चुकी है।”

गौरतलब है कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा विनोद तावड़े जैसे अनुभवी और संगठन में पकड़ रखने वाले नेता को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाना, 2027 के चुनाव की तैयारी का एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। उनके पहले दौरे से ही कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार देखा जा रहा है।