मध्य रेलवे का बिना टिकट यात्रियों पर शिकंजा: चार महीनों में वसूला 121 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना
मुंबई। बिना टिकट और अवैध टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ मध्य रेलवे (Central Railway) ने सख्त चेकिंग अभियान चला रखा है। चालू वित्त वर्ष के शुरुआती चार महीनों (अप्रैल से जुलाई 2026) के दौरान रेलवे के टिकट जांच दस्तों ने 15.46 लाख बिना टिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़कर कुल 121.39 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है। आंकड़ों के अनुसार, मध्य रेलवे क्षेत्र में रोजाना औसतन लगभग 13 हजार यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पिछले साल के मुकाबले वसूली में 40% की बढ़ोतरी
पिछले साल इसी अवधि (अप्रैल-जुलाई) के दौरान 14.42 लाख यात्रियों से 86.73 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया था। इस साल पकड़े गए मामलों की संख्या में जहां 7 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है, वहीं कुल जुर्माना राशि में 40 प्रतिशत का बड़ा उछाल दर्ज किया गया है।
मुंबई मंडल का सर्वाधिक योगदान
अप्रैल से जुलाई के दौरान कुल जुर्माना वसूली में मुंबई मंडल का प्रदर्शन सबसे आगे रहा। अकेले मुंबई मंडल में 7.40 लाख यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 49.50 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जुलाई 2026 के आंकड़े
अकेले जुलाई 2026 में मध्य रेलवे ने 2.60 लाख बिना टिकट या अनियमित यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई कर 20.10 करोड़ रुपये की राशि जुटाई। पिछले वर्ष जुलाई में यह आंकड़ा 3.08 लाख मामलों में 16 करोड़ रुपये था। यानी इस वर्ष जुलाई में मामलों की संख्या कम होने के बावजूद न्यूनतम जुर्माना दर बढ़ने के कारण कुल राजस्व में 25 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
न्यूनतम जुर्माना बढ़कर 500 रुपये हुआ
बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रेल मंत्रालय ने न्यूनतम जुर्माना राशि 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी है। इसके साथ ही मध्य रेलवे ने स्टेशन चेकिंग, घेराबंदी (फोर्ट्रेस चेक), एंबुश (अचानक धावा) चेकिंग और मेगा टिकट जांच अभियानों को और तेज कर दिया है। यह विशेष अभियान मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेनों के साथ-साथ मुंबई और पुणे मंडल की लोकल तथा उपनगरीय ट्रेनों में भी लगातार चलाया जा रहा है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि बिना टिकट यात्रा रेलवे अधिनियम के तहत अपराध है। जुर्माने से प्राप्त राशि का उपयोग यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास में किया जाता है, इसलिए सभी यात्री हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।

