पत्नी की हत्या करके पति बोला – प्रेमी संग भाग गई, बड़े भाई ने खोल दी पोल
एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी को अवैध संबंधों के चलते मार डाला। इसके बाद परिवार के साथ मिलकर उसके शव को भूसे की बोंगी के पास गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। शव दफन हुए सात महीने बीत गए थे। शव पूरी तरह से गल चुका था। इसके बारे में जब महिला के परिवार वालों ने पूछा तो पति ने उसको प्रेमी संग भाग जाने की बात कह दी।
एक दिन भाई-भाई में बंटवारे को लेकर झगड़ा हुआ तो बड़े भाई ने छोटे भाई की पोल खोलकर रख दी। उसने अपने छोटे भाई के ससुर को बताया कि उसकी बेटी की हत्या कर दी गई है। फिर क्या था पुलिस पहुंची और शव को गड्ढा खोदकर निकलवाया गया। कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारे पति समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।
मामला यूपी के संभल जिले के सिंकन्दरपुर खागी गांव का है। यहां के रहने वाले प्रमोद ने मार्च महीने में अपनी पत्नी सरोज की अवैध संबंधों के चलते हत्या कर शव को घर में ही भूसे की बोंगी के पास गड्ढा खोदकर दबा दिया था। प्रमोद ने अपनी ससुराल में बता दिया था कि सरोज अलीगढ़ के अस्पताल अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
गुरुवार को प्रमोद का उसके बड़े भाई बंटी से बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ी तो बंटी ने भाभी सरोज की हत्या का राज खोल दिया। बंटी ने सरोज के पिता को बताया कि प्रमोद ने सरोज की हत्या कर शव दबा दिया है। बंटी और मृतिका का पिता थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी पवन कुमार टीम को लेकर गांव पहुंच गए और प्रमोद व उसके परिजनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने सख्ती की तो प्रमोद ने पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ली। प्रमोद ने बताया कि किस जगह उसने पत्नी की लाश को दबाया था। पुलिस ने वहां गढ्ढ़ा खुदवाया, तो वहां से कंकाल मिला। सात महीने में शव पूरी तरह से गल गया था। पुलिस ने कंकाल को गढ्ढ़े से निकलवाया और सरोज के पति समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते महिला की हत्या कर शव घर में दबा दिया था। गड्ढा खुदवाकर कंकाल बरामद किया है।
प्रमोद का उसके भाई बंटी से पुराने ट्रैक्टर को बेचने के बाद पचास हजार रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। प्रमोद ने बंटी के हिस्से के पचास हजार रूपए नहीं दिये तो बंटी ने सच्चाई सरोज के मायके पक्ष के लोगों को बता दी।

