कल्याण से 450 किमी का सफर तय कर जलगांव पहुंचे हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन के स्वयंसेवक, 192 विद्यार्थियों में बांटी खुशियां
कल्याण से 450 किमी का सफर तय कर जलगांव पहुंचे हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन के स्वयंसेवक, 192 विद्यार्थियों में बांटी खुशियां
जलगांव – शिक्षा के प्रति समर्पण और समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन, कल्याण के स्वयंसेवकों ने जलगांव जिले में एक प्रेरणादायी पहल की। फाउंडेशन की टीम ने कल्याण से करीब 450 किलोमीटर की लंबी यात्रा कर खेडी खुर्द स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में विशेष शैक्षणिक सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया।
हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन ने मोहंडूळ में 31 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की
कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली से सातवीं तक के 192 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नोटबुक और लेखन सामग्री वितरित की गई। सिर्फ सामग्री ही नहीं, बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
संस्था ने पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हौसला भी बढ़ाया। कक्षा दूसरी से सातवीं तक के 6 विद्यार्थियों को ‘एचएचएफ आदर्श विद्यार्थी पुरस्कार’ देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में निस्वार्थ भाव से शिक्षा का दीप जलाने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
इस अवसर पर हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन के रामकांत अग्रवाल ने कहा, “हमारी संस्था 2018 से शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य केवल ठाणे जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के दूर-दराज के क्षेत्रों में जहां भी जरूरत है, वहां तक शैक्षणिक मदद पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। बच्चों की शिक्षा में छोटा सा सहयोग भी उनके बड़े भविष्य की नींव बन सकता है।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक वर्ग और विद्यालय समिति ने फाउंडेशन की इस पहल की दिल से सराहना की और कहा कि ऐसी मदद से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति नई ऊर्जा और आत्मविश्वास आता है। उन्होंने फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस सेवाकार्य को सफल बनाने में फाउंडेशन के रामकांत अग्रवाल, भूषण पाटील, मंगेश भोईर, राकेश नायडू, गणेश विशे, संदीप महेंद्र और हर्षल जगताप ने विशेष सहभागिता निभाई।

