CrimeFEATURED

जब चोरों को मिला उम्मीद से ज्यादा कैश । एक चोर को आया हार्ट अटैक तो दूसरा पंहुचा हॉस्पिटल

 

बिजनौर : यूपी में दो चोर एक जनसुविधा केंद्र से नगदी से भरा बैग उड़ा लेते हैं, इसके बाद जब घर पहुंचकर बंटवारे के लिए रकम गिनने लगे तब उनकी आँखें फटी रह गई और दिल ने काम करना ही बंद कर दिया। असल में चोर को 40-50 हजार की नगदी होने की ही उम्मीद थी, लेकिन उस बैग में लगभग 13 लाख रुपए थे, फिर क्या था एक चोर को वहीं पर हार्ट अटैक पड़ गया। हालत बिगड़ने पर साथी ने उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां चोरी की रकम से उसका इलाज हुआ। बुधवार को दो चोरों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई।

कोतवाली देहात के तिराहे पर उरूज हैदर का जनसुविधा केंद्र है। 16 फरवरी को चोरों ने केंद्र से नकदी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही 13 लाख कैश चोरी कर लिया था। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। सीसीटीवी फुटेज मे भी पूरी घटना रिकॉर्ड हुई हालांकि चोरों की शक्ल पहचान में नहीं आ रही थी।

इस घटना का खुलासा बुधवार को हुआ, जिसपर एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि नगीना थाना क्षेत्र के गांव आलेअलीपुर उर्फ किरतपुर निवासी नौशाद व एजाज को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से तीन लाख 70 हजार रुपये, दो तमंचे और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की है। आपको बता दें नौशाद शातिर चोर है, वहीं एजाज ने पहली बार चोरी में आजमाया था। हालांकि आरोपितों ने पूछताछ में केंद्र से साढ़े सात लाख की रकम मिलने की बात कही है।

बकौल एसपी, नौशाद और एजाज घटना के बाद नगदी भरा बैग लेकर नौशाद के घर पहुंचे। वहां पर रकम को गिना गया। इतनी बड़ी रकम कैश में देखकर एजाज को हार्टअटैक आ गया। नौशाद तुरंत उसे गाड़ी किराए पर कर नगीना के एक अस्पताल में ले गया। वहां से उसे बिजनौर में शास्त्री चौक रोड स्थित हास्पिटल ले जाया गया। तीन दिन तक उसका इलाज चला। इलाज में उसका करीब दो लाख का खर्च हो गया।

इंस्पेक्टर लव सिरोही ने बताया कि आरोपित एजाज ने बताया कि उसे 40-50 हजार रुपये मिलने की उम्मीद थी। लाखों की रकम देखकर उसका वीपी बढ़ गया। वहीं नौशाद ने कुछ रुपये का जुआ खेल लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है। नौशाद पर एक दर्जन से अधिक चोरी, धोखाधड़ी समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *