CrimeFEATUREDLatest

नागपुर के महापौर संदीप जोशी पर प्राणघातक हमला, बाल बाल बचे

अपनी शादी की 24वीं सालगिरह का जश्न मना एक रेंस्तरां से घर लौट रहे नागपुर के महापौर संदीप जोशी की कार पर यहां वर्धा रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने गोलियां चलाईं। इस हमले में वह बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा मंगलवार देर रात करीब 11 बजकर 59 मिनट पर हुआ, जब जोशी अपने परिवार के साथ अपनी शादी की 24वीं सालगिरह का जश्न मना एक रेंस्तरां से लौट रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि जोशी के 30 से अधिक दोस्त उस पार्टी में शामिल हुए थे और वे सब 10-15 वाहन से वापस लौट रहे थे। काफिले में जोशी की कार सबसे पीछे थे। जैसे ही उनकी कार बाहरी रिंग रोड और वर्धा रोड के एक जंक्शन पर पहुंची, तब मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उनके वाहन पर तीन गोलियां चलाईं और फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि एक गोली उनकी कार की चालक की खिड़की पर लगी, एक पीछे की सीट की खिड़की पर और तीसरी गोली कार की पीछे की विंडशील्ड पर लगी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ जोशी को कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने तुरंत कार रोक कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।’’ उन्होंने बताया कि बेल्थरा रोड पुलिस थाने के सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने साक्ष्य एकत्र किए। संयुक्त पुलिस आयुक्त रवींद्र कदम भी देर रात मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार इलाके की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है और हमलावरों की बाइक के पंजीकृत नंबर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ दोनों आरोपियों ने हेल्मट पहन रखी थे और पीछे बैठे व्यक्ति ने महापौर के वाहन पर गोली चलाई।’’

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भादंस की धारा 307 तथा 34 और सशस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस हमले की निंदा की है। इसके सात भाजपा नेता सुधीर मुंगंटीवार ने राज्य विधानसभा में मामले पर चिंता जाहिर करते हुए कहा, ‘‘ यह एक गंभीर मामला है कि नगर के प्रथम नागरिक पर हमला किया गया। यह राज्य में कानून एवं व्यवस्था कायम रख पाने में महाराष्ट्र विकास अघाडी (एमवीए) सरकार की विफलता को दर्शाता है। ’’

अधिकारी ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में जोशी को नागपुर नगर निगम की शिकायत पेट्टी में दो पत्र मिले थे, जिसमें शहर से अतिक्रमण हटाने पर उसके गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि पिछले महीने उनके आवास से उनका आधिकारिक वाहन भी चोरी हो गया था लेकिन वह अगले दिन ही मिल गया था। कार चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *