FEATURED

हम समाजवादी नहीं, बल्कि बापू के रामराज्य के समर्थक हैं – योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संविधान दिवस के मौके पर आयोजित विधानमंडल के विशेष सत्र के दौरान कहा कि वह समाजवादी नहीं बल्कि बापू के रामराज्य के समर्थक हैं, जो सर्वकालिक, सार्वभौमिक और शाश्वत हो ।

योगी ने संविधान दिवस के मौके पर आयोजित विधानमंडल के विशेष सत्र के दौरान सपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आम आदमी की कोई जाति नहीं होती । हमने केन्द्र या प्रदेश की कोई योजना भाजपा के नाम पर नहीं चलायी । हम भी कर सकते थे लेकिन हमने नहीं किया ।’’

उन्होंने पूछा, ‘संविधान में समाजवादी शब्द कब जुड़ा। मैं सोशलिस्ट का नहीं बापू के रामराज्य का समर्थक हूं । कभी आप कांग्रेस की गोद में, कभी बसपा की गोद में जाते हैं । यह देश गांधी के रामराज्य की भावनाओं को लेकर आगे बढता है । उन्हीं भावनाओं को लेकर हम चल रहे हैं ।’’

योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि हमने संविधान ऐसा नहीं बनाया है कि कभी इसमें संशोधन नहीं हो सकता । न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता संविधान के मूल तत्व हैं ।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान ये अधिकार देता है कि अलग अलग पृष्ठभूमि से आने के बावजूद प्रदेश के बारे में सोच पाते हैं और कार्य करते हैं । उत्तर प्रदेश विधानमंडल के लिए आज का दिन सुनहरा दिन है । भारत दुनिया की सभ्यताओं में प्राचीनतम सभ्यता और संस्कृति वाला देश है ।

उन्होंने कहा कि विविधता में एकता के दर्शन भारत में होते हैं । ये भारत के संविधान की ताकत है । उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम पूरे देश को जोडकर चलने की ताकत इस संविधान में है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *