FEATUREDSocial

मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह और हर्षवर्धन से दिल्ली में मुलाक़ात की

राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन से अलग अलग मुलाकात की और उन दोनों से राज्य में सूखे की स्थिति और आर्थिक रूप से कमजोर तबके के छात्रों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किए जाने के मुद्दे समेत राज्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।

आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को राज्य में पानी की कमी से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। राज्य के कई हिस्से, विशेष रूप से मराठवाड़ा क्षेत्र, सूखे की चपेट में हैं। मराठवाड़ा के जलाशयों में जल स्तर काफी कम हो गया है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री शाह को गढ़चिरौली की सुरक्षा स्थिति के बारे में भी जानकारी दी, जहां संदिग्ध माओवादियों ने पिछले महीने आईईडी विस्फोट कर 15 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।शाह के पिछले हफ्ते केंद्रीय गृह मंत्री बनने के बाद फड़णवीस की उनसे यह पहली मुलाकात थी।

मुख्यमंत्री फड़णवीस ने केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन से भी मुलाकात की और राज्य में आर्थिक रूप से कमजोर तबके के छात्रों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किए जाने के बाद राज्य के सरकारी कॉलेजों में मेडिकल सीटों में वृद्धि करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *