FEATURED

चंबल के डाकुओं ने मालगाड़ी का डिब्बा काट लूटीं शक्कर की बोरियां

*चंबल के डाकुओं ने मालगाड़ी का डिब्बा काट लूटीं शक्कर की बोरियां

मध्य प्रदेश के मुरैना में चंबल के डाकुओं ने मालगाड़ी का डिब्बा काटकर शक्कर की बोरियां लूट ली। हालांकि एनवक्त पर रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) ने धांसू एंट्री मारी और न केवल बड़ी लूट बचा ली बल्कि जो कुछ लूटा वो भी बरामद कर लिया।

मंगलवार देर रात को सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी थी। गोवा एक्सप्रेस का इंजन फेल होने की वजह से सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर इस मालगाड़ी को रोका गया था। इसका इंजन गोवा एक्सप्रेस में लगाया जा रहा था। मालगाड़ी में शक्कर की बोरियां लदी हुई थीं।

रात में ही किसी समय बदमाशों ने मालगाड़ी के सबसे पीछे के डिब्बे का पहला गेट काट लिया। उसका कुंदा भी काटकर अलग कर लिया। फिर लुटेरों ने उसमें से शक्कर की बोरियां उतारनी शुरू कर दी थीं। RPF को पता लगा तो टीम ने उनका पीछा किया।

आरपीएफ को रोकने के लिए लुटेरों ने फायरिंग की। आरपीएफ ने जवाबी गोलियां दागीं। गोलीबारी का फायदा उठाकर लुटेरे भाग खड़े हुए। एक गोली एक लुटेरे के पैर में लग गई। पैर में गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा जिसे RPF ने पकड़ लिया। मुठभेड़ की खबर सुनते ही ग्वालियर से भी RPF का अतिरिक्त बल पहुंचा।

रास्ते में लुटेरों द्वारा छोड़ी गई 63 शक्कर की बोरियां आरपीएफ ने कब्जे में ले ली हैं। कुछ बोरियां लुटेरे ले जाने में सफल रहे हैं। मीडिया से बातचीत में आरपीएफ ग्वालियर के संजय कुमार ने बताया कि जिस एक जिस लुटेरे को पकड़ा है उसका नाम रवि शर्मा है। वह मुरैना जिले के पिपरसा गांव का रहने वाला है। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *