Categories: National

प्रो. एम. एस. स्वामीनाथन कृषि के विश्व गुरु हैं : उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू ने प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक प्रो. एम. एस. स्वामीनाथन को कृषि का विश्व गुरु, शिक्षक और विद्वान बताया है, जिन्होंने पूरे विश्व पर अपने प्रेरक और आदर्श विचारों की छाप छोड़ी है। उपराष्ट्रपति आज नई दिल्ली में प्रो. एम. एस. स्वामीनाथन को पहला विश्व कृषि पुरस्कार प्रदान करने के बाद उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। यह पुरस्कार भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद ने आरंभ किया है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रो. एम. एस. स्वामीनाथन ने हरित क्रांति की शुरूआत की और भारत की खाद्य सुरक्षा के लिए मजबूत आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि प्रो. एम. एस. स्वामीनाथन के दृष्टिकोण और विचारों की स्पष्टता ने कृषि वैज्ञानिकों की एक पूरी पीढ़ी को आकर्षित किया है।

उपराष्ट्रपति ने नीति निर्माताओं का आह्वान किया कि कृषि को उच्च प्राथमिकता दी जाए क्योंकि यह क्षेत्र 50 प्रतिशत आबादी को रोजगार प्रदान करता है। उन्होंने आग्रह किया कि संसाधनों के आवंटन के समय ग्रामीण क्षेत्रों और कृषि के प्रति सकारात्मक रवैया अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रेरित करने के लिए कृषि को अत्यंत महत्व देने की जरूरत है। इसके साथ बुनियादी ढांचा, सिंचाई, निवेश, बीमा और ऋण उपलब्ध कराने को भी महत्व दिया जाना चाहिए।

विकास के पैमानों पर दोबारा गौर करने की जरूरत तथा कृषि को आर्थिक रूप से उपयोगी और आकर्षक बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए नायडू ने वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और किसानों के बीच नियमित और प्रभावशाली समन्वय का आह्वान किया।

कृषि गतिविधियों में लोगों की दिलचस्पी कम होने के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे कई मद्दे हैं जिन्हें मिलकर हल करना होगा, क्योंकि वे कृषि क्षेत्र के विकास और कृषि पर निर्भर लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं।

जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए नायडू ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का कृषि सहित जीवन के हर पक्ष पर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं से कहा कि वे जलवायु परिवर्तन, संसाधनों की कमी और खाद्यान्न की बढ़ती मांग से निपटने के लिए रणनीति बनाएं। उन्होंने कहा,“कृषि क्षेत्र में नीतियों में बदलाव का समय आ गया है, हमें जलवायु का मुकाबला करने वाली फसलों के विकास पर ध्यान देना होगा। हमें ऐसी फसलें विकसित करनी होंगी जो सख्त मौसम का मुकाबला कर सकें।”

उपराष्ट्रपति ने कहा कि आज दुनिया के सामने परोक्ष भुखमरी और पोषाहार की कमी बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कृषि पुनर्जागरण और सर्वकालिक हरित क्रांति से कम में काम नहीं बनने वाला, जिसमें पोषण मुख्य घटक के रूप में मौजूद हो।

उल्लेखनीय है कि विश्व कृषि पुरस्कार की शुरूआत भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद ने की है, जो उन प्रतिष्ठित व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने कृषि तथा उससे संबंधित सेवाओं के जरिए मानवजाति की सेवा की हो।

इस अवसर पर वाणिज्यिक एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु, केरल के राज्यपाल न्यायमूर्ति पी. सत्यसिवम, हरियाणा के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनकड़ और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद तथा भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद के प्रतिनिधि सहित 200 किसान भी उपस्थित थे।

 

Mumbai AasPaas

Recent Posts

अग्रवाल समाज कल्याण (पंजी.) द्वारा टिटवाला के ‘पारस बाल भवन’ में खाद्य सामग्री एवं नाश्ता वितरण कार्यक्रम का आयोजन

टिटवाला (ठाणे): "सेवा ही हमारा धर्म है" के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए अग्रवाल…

21 hours ago

राम मंदिर दान मामले में कथित गड़बड़ी पर RSS ने जताया दुख, जांच एजेंसियों और ट्रस्ट को लेकर कही ये बड़ी बात

कर्नाटक के बेलगावी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक रविवार…

21 hours ago

कल्याण: रेलवे स्टेशन से महालक्ष्मी होटल तक सरेआम चलने वाले गंदे धंधे पर पुलिस का कड़ा प्रहार; सालों पुराने कलंक से मिली मुक्ति

कल्याण रेलवे स्टेशन परिसर और उसके आस-पास के क्षेत्रों में वर्षों से सरेआम चल रहे…

2 days ago

कडोमपा की लापरवाही: कल्याण का मुख्य श्मशान घाट बना कचरे का ढेर, जनता में आक्रोश

कल्याण (पश्चिम): कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका (कडोमपा) के अंतर्गत आने वाले कल्याण पश्चिम, मुरबाड रोड (रोशन…

3 days ago

राम मंदिर ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों पर करोड़ों के गबन का आरोप, कल्याण में कांग्रेस नेताओं ने पुलिस में दी शिकायत

कल्याण शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट नवीन सिंह और अन्य पदाधिकारियों द्वारा महात्मा…

4 days ago

राम मंदिर ट्रस्ट के कथित घोटाले के खिलाफ कल्याण में कांग्रेस का ‘रघुपति राघव राजाराम सत्याग्रह’ कल

कल्याण: श्री रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट में हुए कथित वित्तीय भ्रष्टाचार, सार्वजनिक कोष के दुरुपयोग और…

6 days ago