FEATURED

उपराष्ट्रपति ने बोत्सवाना में भारतीय समुदाय को संबोधित किया;

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने विदेशों में बसे भारतीय समुदाय से देश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया है।  नायडू आज बोत्सवाना के गैबोरॉन  में भारतीय उच्चायुक्त डॉ. राजेश रंजन द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर सामाजिक न्याय और आधिकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर और कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि बोत्सवाना में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने न सिर्फ यहां के बहुलवादी, स्वतंत्र और लोकतांत्रिक समाज के साथ भलीभांति सामंजस्य बनाया है बल्कि बोत्सवाना के आर्थिक विकास में भी बड़ा योगदान किया है। उन्होंने कहा, ‘हम भारतीय उद्यमशीलता में गर्व महसूस करते है। हम कानून  और नियमों पर चलने वाले लोग हैं। हम दुनिया के चाहे किसी भी हिस्से में रह रहे हों, हमने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित की है।

नायडू ने कहा कि भारत विदेशों में रह रहे अपने लोगों को बहुत महत्व देता है। उन्होंने इस बात की खुशी जाहिर की कि भारतीय समुदाय बोत्सवाना की आर्थिक तरक्की में बड़ा योगदान कर रहा है। उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों को देश का सांस्कृतिक दूत बताते हुए कहा ‘दुनिया आपको भारत के सांस्कृतिक मूल्यों और जीवन दर्शन के प्रतिनिधि के रूप में देखती है।’ उन्होंने लोगों से भारत में हो रहे बड़े बदलाव पर नजर रखने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की इस तरक्की में उन्हें योगदान देना चाहिए। नायडू ने कहा कि देश बड़े बदलाव से गुजर रहा है। कारोबार करने का माहौल बेहतर हो रहा है। देश विश्व पटल पर अपनी पहचान बना रहा है। ऐसे में भारतीय समुदाय को यह देखना चाहिए कि वह देश की इस विकास यात्रा में किस तरह योगदान दे सकता है। नायडू ने भारतीय समुदाय से कहा कि वह दुनिया में भारत के संदेश वाहक बने रहें और दूसरे देशों की जो अच्छी चीजें हैं उन्हें भारत लेकर आएं ताकि देश और तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *